चोरों का आतंक, एक रात में तीन घरों में चोरी, नकदी-जेवर लेकर फरार हो गए चोर, वारदात के बाद गांव में दहशत, पुलिस ने शुरू की चोरों की तलाश

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र से चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। देवरी गांव में बीती रात चोरों ने एक-दो नहीं, बल्कि लगातार तीन घरों को निशाना बनाया। चोर नकदी, जेवरात और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर सोते रहे और उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक देवरी गांव में चोरों ने गुड्डा चौधरी, क्वारेलाल चौधरी और राजा चौधरी के घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने एक घर में दीवार गिराकर अंदर प्रवेश किया। वहीं दूसरे घर में परिवार के सदस्य जिस कमरे में सो रहे थेए उसे बाहर से बंद कर दिया गया। इसके बाद चोरों ने बगल वाले कमरे में रखी पेटी का कुंडा तोड़ा और उसमें रखा सामान लेकर मौके से फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो हडक़ंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले भी शाहनगर क्षेत्र में बाइक चोरी की वारदात सामने आई थीए जिसमें करीब 9 संदिग्ध लोग सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए थे। पुलिस उस मामले की भी जांच कर रही है। अब देवरी गांव में एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा रात्रि गश्त बढ़ाने की बात कही जा रही है। अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर तीन घरों में चोरी की इस वारदात को अंजाम देने वाले चोर पुलिस की पकड़ में कब तक आते हैं।







