घटना के एक दिन पहले पेशी से लौट कर पुलघाट आया था साधु.घंसौर कनेक्शन पर पुलिस की नजर

यश भारत फॉलोअप । जिले के बरगी नगर पुलिस चौकी के अंतर्गत पुल घाट क्षेत्र में हुई साधू की हत्या के मामले में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं। मृतक 67 वर्षीय तारापुरी महाराज घटना से एक दिन पहले ही पेशी से लौटकर पुल घाट आये थे और उसी रात उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई।इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एडिशनल एसपी एवं सीएसपी दल-बल सहित घटनास्थल पहुंचे। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का संबंध घंसौर क्षेत्र से जुड़ा बताया जा रहा है जिससे जांच की दिशा और गहराती जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक कुछ समय तक हरिद्वार में रह चुका था और कुछ वर्ष पहले वापस बरगी नगर लौटा था। जहां पर वह पुल घाट में मंदिर निर्माण करवा रहा थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या आपसी रंजिश, पुराने विवाद या अन्य कारणों से भी जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।







