गुफा में पत्थरों के नीचे मिला शव : अफवाह की रंजिश में कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट, 75 दिन बाद खुला सनसनीखेज राज…

सतना यश भारत। जिले के जसो थाना क्षेत्र के अर्जुन खोह जंगल में करीब ढाई महीने पहले हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद की है। हत्या के बाद शव को जंगल की एक गुफा में पत्थरों के नीचे छिपा दिया गया था।
लकड़ी लेने गया था युवक, फिर नहीं लौटा
जसो थाना प्रभारी संतोष धुर्वे के अनुसार देउरी निवासी धनीराम भूमिया 28 मई की सुबह अर्जुन खोह के जंगल में लकड़ी लेने गया था। शाम तक उसके घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन जंगल के अंदर एक गुफा में पत्थरों के नीचे धनीराम का शव बरामद हुआ। उसके सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान मिले थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद जसो पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
ढाई महीने की जांच में सामने आया हत्या का कारण
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने अलग-अलग स्तर पर जांच की। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ साइबर सेल की मदद ली गई और मृतक के परिजनों तथा उसके परिचितों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने देउरी निवासी धन सिंह यादव (38) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में धन सिंह ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि धनीराम उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध होने की अफवाह फैला रहा था। इससे उसकी शादी को लेकर परेशानी पैदा हो रही थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच रंजिश थी।
जंगल में पीछा कर कुल्हाड़ी से किया हमला
पुलिस के अनुसार धन सिंह ने देउरी निवासी लूख्ख उर्फ जाहिद यादव (22) के साथ मिलकर धनीराम को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 28 मई को जब धनीराम जंगल में लकड़ी लेने जा रहा था, तब दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया। जंगल में मौका पाकर उस पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में धनीराम की मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जंगल के अंदर स्थित गुफा में ले जाकर पत्थरों के नीचे छिपा दिया था। धन सिंह से पूछताछ और उसके बयान के आधार पर पुलिस ने दूसरे आरोपी जाहिद यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। मामले में पुलिस दोनों आरोपियों से आगे पूछताछ कर रही है।







