ब्रेक फेल, ट्रक पलटा : मौत के मुंह में ड्राइवर तड़पता रहा, राहगीर लादते रहे सीमेंट की बोरियां

रीवा | जिले के सोहागी पहाड़ पर बीती रात सीमेंट से लदे एक ट्रक का ब्रेक फेल होने के बाद भीषण हादसा हो गया। ट्रक डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर पलट गया। हादसे में चालक केबिन में फंसकर दर्द से तड़पता रहा, जबकि मौके पर मौजूद कुछ लोग घायल चालक की मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरी सीमेंट की बोरियां उठाकर ले जाने में जुट गए। घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया
जानकारी के अनुसार सीमेंट से लदा ट्रक प्रयागराज की ओर जा रहा था। सोहागी पहाड़ के पास अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। चालक ने वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए सड़क की दूसरी ओर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी सैकड़ों सीमेंट की बोरियां सड़क और पहाड़ी क्षेत्र में बिखर गईं
हादसे में ट्रक चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। वह दर्द से कराहते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा। इसी दौरान मौके पर पहुंचे कुछ राहगीर और स्थानीय लोग घायल चालक को बचाने के बजाय सड़क पर बिखरी सीमेंट की बोरियां उठाकर ले जाने लगे। कई लोग बाइक और छोटे वाहनों में बोरियां भरते दिखाई दिए। हादसे के बाद का यह दृश्य मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर देने वाला रहा
हादसे की सूचना मिलते ही सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जागरूक स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला। इसके बाद घायल चालक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद चालक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई। सड़क पर बिखरी सीमेंट की बोरियों को भी हटवाया गया
सोहागी पहाड़ की इस घटना ने सड़क हादसों के दौरान मानवीय संवेदनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां हादसे में घायल व्यक्ति को तत्काल मदद की जरूरत थी, वहीं कुछ लोग उसकी जान बचाने के बजाय सामान उठाने में जुटे रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क हादसे के समय घायल व्यक्ति की मदद को प्राथमिकता दें और किसी भी दुर्घटना में मानवीय संवेदनाओं का परिचय दें।







