गांजा तस्करी करते चाचा-भतीजा गिरफ्तार, विजयराघवगढ़ पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा, 2 किलो 960 ग्राम गांजा बरामद

कटनी, यशभारत। विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से गांजा परिवहन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चाचा-भतीजे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 960 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 35 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को विजयराघवगढ़ पुलिस टीम द्वारा आईटीआई विजयराघवगढ़ की तलैया के पास मेन रोड पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटर साइकिल सवार दो व्यक्तियों को संदिग्ध प्रतीत होने पर रोककर तलाशी ली गई। पीछे बैठे व्यक्ति के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान समयलाल कोल पिता सुखलाल कोल तथा गोविंद प्रसाद पिता प्रेमलाल कोल उम्र 52 वर्ष निवासी ग्राम खिरवा नंबर 1 के रूप में की है। दोनों आपस में चाचा भतीजा बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल दाखिल कराया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, एएसआई जगदीश प्रसाद पाण्डेय, एएसआई विक्रम सिंह, एएसआई संतोष स्वामी, आरक्षक अंजनी झा सहित स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






