गहराया जल संकट : बूंद-बूंद पानी को तरस रहे रहवाशी….दूर-दराज के कुओं से पानी लाने मजबूर

सतना मझगवां, यश भारत।भीषण गर्मी की शुरुआत के साथ ही मझगवां क्षेत्र में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पंचायत प्रशासन की लापरवाही और पूर्व तैयारियों के अभाव ने हालात को और बिगाड़ दिया है। स्थिति यह है कि अधिकांश मोहल्लों में नल-जल योजना पूरी तरह विफल साबित हो रही है और लोगों को पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि जनपद अध्यक्ष के अपने ही मोहल्ले में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। वार्ड क्रमांक 1 और 2 की जलापूर्ति मझगवां की एकमात्र पानी टंकी पर निर्भर है, लेकिन टंकी को भरने वाली दो प्रमुख बोरवेल मोटरें लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इसके चलते टंकी में पर्याप्त पानी नहीं भर पा रहा है और सप्लाई के दौरान प्रेशर भी नहीं बन पाता।
परिणामस्वरूप, ग्रामीणों को साइकिलों और अन्य साधनों से प्लास्टिक के डिब्बों में दूर-दराज के कुओं से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
इसी तरह गोडान टोला, तालाब तीर टोला, आदिवासी भट्टन टोला, पुराना पोस्ट ऑफिस क्षेत्र और नई बस्ती में भी पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं, जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे समस्या दिन-ब-दिन गंभीर होती जा रही है।







