गर्मी से बिगड़ रही लोगों की सेहत, अस्पतालों में मरीजों का बढ़ा दबाव
The heat is worsening people's health, increasing the pressure of patients in hospitals.

गर्मी से बिगड़ रही लोगों की सेहत, अस्पतालों में मरीजों का बढ़ा दबाव
भोपाल यश भारत। राजधानी में पड़ रही तेज गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर साफ दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण सरकारी अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालात यह हैं कि अस्पतालों में मरीजों की भीड़ बढ़ने से व्यवस्थाएं जवाब देती नजर आ रही हैं। कई अस्पतालों में पर्याप्त संसाधनों की कमी के चलते मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में इन दिनों डिहाइड्रेशन, उल्टी ,दस्त, वायरल संक्रमण, चक्कर आने और लू लगने के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। सुबह से लेकर रात तक ओपीडी और वार्डों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। बढ़ती भीड़ के बीच अस्पतालों में बेड की कमी भी सामने आने लगी है। अस्पतालों में गर्मी से राहत के इंतजाम भी नाकाफी साबित हो रहे हैं। कई वार्डों में कूलर और पंखे खराब पड़े हैं जिससे मरीजों को उमस और गर्मी के बीच इलाज कराना पड़ रहा है। वहीं पीने के ठंडे पानी की उचित व्यवस्था नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों को इधर उधर भटकना पड़ रहा है। परिजनों का कहना है कि अस्पतालों में डॉक्टरों और कर्मचारियों की कमी के कारण इलाज में देरी हो रही है। जांच और दवाइयों के लिए भी अलग अलग काउंटरों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। मरीजों की बढ़ती संख्या के मुकाबले अस्पतालों की सुविधाएं अपर्याप्त दिखाई दे रही हैं। लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए अस्पतालों में अतिरिक्त बेड, कूलर, पंखे, दवाइयों और डॉक्टरों की समुचित व्यवस्था की जाए , ताकि मरीजों को समय पर उपचार और राहत मिल सके।







