मध्य प्रदेशराज्य

खूनी संघर्ष : अंधाधुंध फायरिंग में पति की मौत : पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल

ग्वालियर । ग्वालियर के बड़ा गांव खुरैरी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया जब दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मामूली बात से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि पाल परिवार के लोगों ने राइफल से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीबारी में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में फोर्स तैनात कर दी है मामले की जांच जारी है।

 

बताया जा रहा है कि मृतक रमेश उर्फ पप्पू कुशवाह निवासी खुरैरी, मूल रूप से भिंड का रहने वाला था। जब पप्पू बाजार से अपने घर लौट रहा था, तभी आरोपी पक्ष के घर के सामने ‘घूरकर देखने’ की बात पर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों तरफ से पथराव शुरू हो गया। दोनों पक्ष से कई लोग झगड़े में शामिल हो गए। काफी देर तक मारपीट के बाद इसी बीच आरोपी अनार सिंह, सुखवीर, रामू और राजपाल ने राइफल निकाल ली और छत पर चढ़कर फायरिंग शुरू कर दी।

 

गोली चलते ही रमेश उर्फ पप्पू कुशवाह घर की तरफ भागा, लेकिन दरवाजे पर ही उसे गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बचाव करने आए पप्पू की पत्नी पुष्पा और उसके बेटे भी घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ही परिवार मूल रूप से भिंड के रहने वाले हैं। करीब 5 साल पहले दोनों परिवारों ने बड़ा गांव खुरैरी में अपने मकान बनाए थे। पड़ोस में रहने के बावजूद इनके बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।

 

फायरिंग के बाद बड़ा गांव खुरैरी में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों को शांत करने के लिए पुलिस ने भारी फोर्स तैनात कर दिया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button