क्या शशांक फाइनल ? प्राधिकरण समेत निगम-मंडलों के नामों को लेकर सीएम हाउस में मंथन, सूची जल्द होगी जारी, बढ़ी सरगर्मी

भोपाल / कटनी, यशभारत। मध्यप्रदेश में निगम-मंडल और प्राधिकरणों में नियुक्तियों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। किसी भी समय सूची जारी हो सकती है। कटनी विकास प्राधिकरण के लिए पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव का नाम मीडिया की सुर्खियों में है। हमारे भोपाल स्थित सूत्रों का कहना है कि कटनी विकास प्राधिकरण के लिए शशांक श्रीवास्तव का नाम फाइनल है, केवल औपचारिक ऐलान बाकी है। इस संबंध में जब शशांक श्रीवास्तव से बात की गई तो उन्होंने यशभारत से कहा कि उन्हें भी मीडिया से जानकारी लगी कि उनका नाम कटनी विकास प्राधिकरण अध्यक्ष के लिए लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने समय समय पर उन्हें जो दायित्व दिए हैं, उन्होंने पूरी लगन से उन्हें निभाने का प्रयास किया है। आगे भी जो जिम्मेदारी मिलेगी, उसे निष्ठा के साथ पूरा करने का प्रयास करूंगा।
इस बीच बताया जा रहा है कि निगम-मंडलों की अंतिम सूची लगभग तैयार हो चुकी है और इसमें करीब 32 नाम शामिल किए जाने की चर्चा है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में इन नियुक्तियों को लेकर लगातार हलचल बनी हुई है। कई दावेदार संगठन और पार्टी कार्यालय के संपर्क में बने हुए हैं। संगठन से जुड़े एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि दर्जनों निगम-मंडलों और प्राधिकरणों में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों के नाम लगभग तय कर लिए गए हैं तथा सूची जल्द जारी की जा सकती है। सूत्रों के अनुसार इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच मुख्यमंत्री निवास पर लंबी चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच हुई इस मंत्रणा के बाद दावेदारों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
संतुलन बनाए रखना चुनौती
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि भाजपा लंबे समय से मध्यप्रदेश की सत्ता में है। ऐसे में स्वाभाविक रूप से संगठन के भीतर अपेक्षाएं और दावेदारी बढ़ती हैं। लंबे इंतजार के कारण पार्टी के अंदर संतुलन बनाए रखना और सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देना सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है।
हालांकि जिस तरह प्रदेश नेतृत्व संगठनात्मक अनुभव और मेहनत के आधार पर टीम तैयार कर रहा है, उससे उम्मीद जताई जा रही है कि निगम-मंडल नियुक्तियों में संतुलन और न्यायपूर्ण निर्णय देखने को मिलेगा।प्रदेश भाजपा प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी ने कहा कि नियुक्तियों की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द ही अधिकृत सूची जारी कर दी जाएगी। सूत्रों का यह भी कहना है कि नगर निगम के एल्डरमैन और कॉलेजों की जन भागीदारी समिति के अध्यक्षों के नामों की घोषणा भी जल्द होना है।









