कटनी

कोयले की गाडिय़ों को नहीं रोकने मांगी रकम, कारोबारी और जीएसटी अफसर की बातचीत का ऑडियो वायरल, मचा हडक़म्प, मामले की जांच शुरू, होगी कार्रवाई

कटनी, यशभारत। कोयले के ट्रकों की आवाजाही को लेकर स्टेट जीएसटी विभाग के एक अधिकारी और कारोबारी के बीच रूपयों के लेनदेन का का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हडक़म्प मच गया है। अब स्टेट जीएसटी विभाग इस पूरे मामले की जांच करा रहा है और जांच के बाद यदि आरोप सही साबित होते हैं तो वरिष्ठ अधिकारियोंं द्वारा अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। वायरल ऑडियो में शहडोल से कटनी होते हुए इंदौर जा रहे ट्रकों को नहीं रोकने के एवज में हर महीने रुपयों की मांग किए जाने को लेकर बातचीत हो रही है। कारोबारी रकम कम करने के लिए मोलभाव करता सुनाई देता है। बातचीत में वाहनों के नंबर पहले देने पर उन्हें नहीं रोकने की बात होने का भी जिक्र है। मामले में विभाग ने संबंधित अधिकारी को शोकॉज नोटिस जारी कर जांच शुरू कर दी है। ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मालवा क्षेत्र का एक कारोबारी शहडोल सहित अन्य क्षेत्रों से कोयला लाकर कटनी के रास्ते इंदौर भेजने की तैयारी कर रहा था। इसी सिलसिले में उसे जीएसटी कार्यालय बुलाए जाने की बात सामने आई। कथित ऑडियो में 13 से 15 गाडिय़ों के लिए डेढ़ लाख रुपए मासिक की बात होने का दावा है। कारोबारी रकम कम कर 1.30 लाख रुपए की बात करता सुनाई देता है। कथित बातचीत में वाहनों के नंबर पहले उपलब्ध कराने की बात कही गई है। दावा है कि नंबर रहने पर गाडिय़ां नहीं रोकी जाएंगी, जबकि ऐसा नहीं होने पर जांच या कार्रवाई की बात कही गई।
ऑडियो की प्रामाणिकता की होगी जांच
ऑडियो में भुगतान के लिए पार्सल शब्द इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। रकम कहां पहुंचाई जाए, इसे लेकर भी बातचीत होने का दावा है। कथित बातचीत में महाकौशल और विंध्य के अन्य जिलों में संपर्क या अरेंजमेंट की बात है। मामले में एक नहीं, बल्कि सात ऑडियो क्लिप सामने आने की बात कही जा रही है। अब विभागीय जांच में ऑडियो की प्रामाणिकता, आवाज की पहचान, बातचीत का संदर्भ और कथित रकम की मांग की वास्तविकता जांची जाएगी। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो यह भी जांच का विषय होगा कि इसमें कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी शामिल था या नहीं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button