किसानों के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे : जीतू पटवारी
बिछिया विधानसभा के ग्राम मांद से हुई कांग्रेस के किसान न्याय आंदोलन की शुरुआत

मंडला, बिछिया l किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए और गेंहू का 2700 रुपए प्रति क्विंटल दिलाने को लेकर बिछिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मांद में किसान न्याय आंदोलन का आयोजन किया गया।
इस आंदोलन में प्रदेश कांग्रेस के सभी बड़े नेता जिसमें मप्र कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, जबलपुर विधायक लखन घनघोरिया, बैहर विधायक संजय उइके, डिंडोरी विधायक ओमकार सिंह मरकाम, केवलारी विधायक रजनीश सिंह, वारासिवनी विधायक विक्की पटेल, परसवाड़ा विधायक मधु भगत, पूर्व विधायक संजय यादव सहित प्रदेश भर से नेतागण शामिल हुए। एक तरह से यह आयोजन बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा का शक्ति प्रदर्शन था जो उन्होंने प्रदेश कांग्रेस महासचिव बनने के बाद अपनी विधानसभा में किया। भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव 2023 में धान और गेहूं का जो समर्थन मूल्य3100 और 2700 रुपए घोषित किया गया था इस समर्थन मूल्य के अनुसार किसानों को राशि का भुगतान नहीं किए जाने के विरोध में किसान न्याय आंदोलन शुरू किया गया है। निवास विधायक चैन सिंह ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी उस समय खाद 50 किलोग्राम की बोरियों मिलती थी जिसे भाजपा सरकार ने घटाते हुए 40 से 45 किलोग्राम कर दिया है जिससे किसानों को खाद की मारामारी का सामना करना पड़ रहा है।
हक की लड़ाई लड़ती रहेगी कांग्रेस
कांग्रेस हमेशा आदिवासियों के हक की लड़ाई लड़ती रही है और लड़ते रहेगी। पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी सामाजिक क्रांति के महानायक हैं वे जातिगत जनगणना की बात कर रहे हैं लेकिन भाजपा सरकार जातिगत जनगणना से पीछे कदम कर रही है यदि जातिगत जनगणना होती है तो जो लोग शासन की योजना के लिए पात्र हैं उन्हें शासन की योजना का लाभ प्रमुखता से मिल सकेगा।
भाजपा ने महिलाओं को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने की बात कही थी जिसे पूरा नहीं किया गया। इस तरह भाजपा सरकार पूरे प्रदेश वासियों के साथ लगातार अन्याय करने का काम कर रही है। अंत में विधानसभा बिछिया में भराए गए किसान अधिकार मांग पत्र सांकेतिक रूप से प्रदेश अध्यक्ष नेता प्रतिपक्ष को सौंपे गए। इन अधिकार पत्रों को आगामी दिनों में मुख्यमंत्री को सौंपकर किसानों धान व गेंहू के घोषित समर्थन मूल्य की किसानों की मांग पहुंचाई जाएगी। इस आंदोलन में कांग्रेस के समस्त मोर्चा संगठन के पदाधिकारी कार्यकत्र्ता सहित जिले भर से दस हजार से अधिक किसान और आमजन सम्मिलित हुए।







