कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का भव्य स्वागत; कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी के सागर आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोतीनगर चौराहे पर उनका अभूतपूर्व स्वागत किया। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव एवं चंद्रभूषण सिंह ‘गुड्डू राजा’ बुंदेला के नेतृत्व में आयोजित इस स्वागत समारोह में पूर्व विधायक सुनील जैन, तरवर सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। अपने लाड़ले नेताओं की एक झलक पाने के लिए कार्यकर्ता घंटों पहले ही कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगे थे।
मोतीनगर चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पटवारी का जोशपूर्ण नारों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर जीतू पटवारी ने विशेष रूप से उपस्थित महिला कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं का हाथ जोड़कर अभिनंदन किया। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर उनका मान बढ़ाया और संगठन की मजबूती के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। शहर अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी और कुणाल चौधरी के आगमन से जिले के अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता तक में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, जो आगामी संघर्षों के लिए कांग्रेस को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा।
राजनैतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ श्री जीतू पटवारी ने विभिन्न सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। वे मोतीनगर से सीधे होटल हेरिटेज पहुंचे, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमित रामजी दुबे के भतीजे के विवाह समारोह में सम्मिलित होकर नव-दंपत्ति को शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात, उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता मदन सोनी के निधन पर उनके निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। साथ ही, उन्होंने पगारा पहुंचकर वीरू ठाकुर के परिवार में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
स्वागत के इस भव्य कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व सांसद आनंद अहिरवार, रामकुमार पचौरी, सिंटू कटारे, प्रदीप गुप्ता, जितेंद्र जैन ‘क्रांतिकारी’, सागर साहू, रमाकांत यादव, मुकुल पुरोहित, आशीष ज्योतिषी, राहुल चौबे और कमलेश तिवारी सहित सैकड़ों पदाधिकारी एवं ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में जिले के समस्त वरिष्ठ एवं युवा नेतृत्व ने एकजुटता का संकल्प दोहराया।







