एमपी ऑनलाइन सेवाएं दो दिन बंद, बिजली बिल भुगतान के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सक्रिय

एमपी ऑनलाइन सेवाएं दो दिन बंद, बिजली बिल भुगतान के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं सक्रिय
भोपाल यश भारत । मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। वित्तीय वर्ष 2025 , 26 की फाइनेंशियल क्लोजिंग के चलते एमपी ऑनलाइन की सेवाएं 31 मार्च 2026 की रात्रि 11:50 बजे से 2 अप्रैल 2026 की सुबह 10 बजे तक बंद रहेंगी। कंपनी के कार्यक्षेत्र भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 16 जिलों के उपभोक्ताओं को इस अवधि में बिजली बिल या अन्य सेवाओं के भुगतान के लिए वैकल्पिक माध्यमों का उपयोग करना होगा। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता इस दौरान उसकी आधिकारिक वेबसाइट portal.mpcz.in, पीओएस मशीन या कैश काउंटर के माध्यम से बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपने बिजली बिलों का भुगतान कर सकते हैं। ऑनलाइन भुगतान के लिए उपभोक्ताओं को कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। वेबसाइट के जरिए एचडीएफसी PayU और बिलडेस्क जैसे पेमेंट गेटवे पर डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग, ईसीएस, ईबीपीएस, एनएसीएच, कैश कार्ड और वॉलेट्स के माध्यम से भुगतान किया जा सकता है। इसके अलावा गूगल पे, फोन पे , अमेजॉन पे, व्हाट्सएप पे , फ्रीचार्ज और उपाय ऐप जैसे प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध रहेंगे। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे भुगतान करते समय रसीद अवश्य प्राप्त करें। साथ ही ऑनलाइन भुगतान को प्रोत्साहित करने के लिए निम्नदाब घरेलू उपभोक्ताओं को कुल बकाया बिल पर 0.50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है, जबकि उच्चदाब उपभोक्ताओं को प्रति बिल कैशलेस भुगतान पर 1000 रुपये तक की छूट का लाभ मिलेगा।
कंपनी ने उपभोक्ताओं से समय रहते बिल भुगतान करने और उपलब्ध विकल्पों का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।







