कहर बरपा रही गर्मी, दिन में लू के थपेड़े, उमस के बीच कट रही रात, हाई टेम्प्रेचर के बाद अब बारिश से होगी बेचैनी

कटनी, यशभारत। शहर सहित समूचे जिले में गर्मी कहर बरपा रही है। पारा 42 डिग्री को पार कर गया है। कल तेज हवाएं चलने और कई इलाकों में हल्की बारिश होने के बाद रात को वातावरण में ठंडक रही तो आज सुबह एक बार फिर तपती गर्मी से लोग परेशान दिखे। लू के थपेड़ों से जनजीवन पर असर पड़ा। सुबह सूरज निकलने से पहले ही लोग पसीनों में तर होते दिखे। रिकॉर्डतोड़ रफ्तार के साथ बढ़ रही गर्मी में अपै्रल में पहली बार तापमान 42-43 डिग्री पहुंच रहा है। दिन तो दिन लोगों के लिए रात में भी गर्मी असहनीय होती जा रही है। कटनी की बात करें तो यहां रात में भी न्यूनतम तापमान 27-28 डिग्री के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही। मौसम के इस बदले मिजाज ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने कटनी सहित कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले दो-तीन दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। उसके बाद थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। लू से राहत मिल सकती है। तापमान भले ही कम होगा लेकिन गर्मी के दिनों में उमस बढ़ जाएगी, जो लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि जब तापमान 43-44 डिग्री तक पहुंचता है, तो हवा में मौजूद नमी एक्टिव हो जाती है। इस नमी से बादल बनने लगते हैं। ऐसे में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना होती है। इन दिनों अरब सागर से नमी आ रही है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम ने प्रदेश के मौसम को प्रभावित किया है। प्रदेश के मध्य क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं का चक्रवात बन रहा है। इसके कारण दोपहर बाद बादल छाने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। हालांकि यह बारिश गर्मी से राहत देने के बजाय मौसम में उमस बढ़ा देती है, जिससे लोगों को ज्यादा मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं।







