
कल फिर गूंजेगा स्वच्छता और फिटनेस का संदेश:
राहगीरी डे का आयोजन कल सुबह 7 बजे से

कटनी। यशभारत। शहर में स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार, 26 अप्रैल को प्रातः 7:00 बजे से 8:30 बजे तक महारानी लक्ष्मी बाई वार्ड स्थित फॉरेस्टर प्लेग्राउंड के सामने “राहगीरी डे” का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस अनूठे आयोजन के तहत निर्धारित मार्ग को पूरी तरह वाहन मुक्त रखा जाएगा, जिससे नागरिक खुले और स्वच्छ वातावरण में योग, खेलकूद और विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आनंद ले सकें। कार्यक्रम में योग, जुंबा, रस्सा खींच, पिट्टू, शतरंज, कैरम, स्केटिंग और म्यूजिकल चेयर सहित 25 से अधिक मनोरंजक गतिविधियां आयोजित होंगी, जो हर आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित करेंगी।
नोडल अधिकारी (स्वच्छ भारत मिशन) आदेश जैन के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी है। इसी के तहत नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता शपथ और जनसंवाद जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के सीमित उपयोग और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मौके पर ही प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा, जिससे लोगों में उत्साह और सहभागिता बढ़ेगी।
नगर निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर कटनी के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
👇👇👇👇👇
तो तैयार हो जाइए, कल सुबह 7 बजे – फिटनेस, मस्ती और स्वच्छता के संग एक नई शुरुआत के लिए!






