कलेक्टर ने दिखाई संवेदनशीलता: भीषण गर्मी को देखते हुए अब आठवीं तक के बच्चों की छुट्टी

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने नौनिहालों की सेहत की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने रविवार को एक नया आदेश जारी किया है, जिसके तहत अब कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।
पूर्व में प्रशासन ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 5वीं तक के बच्चों के लिए 30 अप्रैल तक की छुट्टी घोषित की थी। लेकिन तपिश और लू की संभावना को देखते हुए अब इस दायरे को बढ़ा दिया गया है। नवीनतम आदेश के अनुसार, कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए भी अब 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक का अवकाश रहेगा।
सभी स्कूलों पर लागू होगा आदेश
यह आदेश जिले में संचालित होने वाले सभी प्रकार के शिक्षण संस्थानों पर अनिवार्य रूप से लागू होगा, जिनमें समस्त शासकीय एवं अशासकीय (प्राइवेट) विद्यालय, केन्द्रीय विद्यालय एवं जवाहर नवोदय विद्यालय, ICSE, CBSE एवं अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलशामिल हैं।
9वीं से 12वीं का समय यथावत
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के बड़े विद्यार्थियों के लिए स्कूल पूरी तरह बंद नहीं किए गए हैं। उनके अध्यापन का समय पूर्व की तरह प्रातः 07:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक यथावत रहेगा। साथ ही, यदि शासन द्वारा कोई परीक्षा या आवश्यक कार्यक्रम पहले से निर्धारित है, तो वह अपनी समय सारणी के अनुसार ही संचालित किया जाएगा।
शिक्षकों को रहना होगा उपस्थित
भले ही प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं के बच्चों की छुट्टी कर दी गई है, लेकिन शिक्षकों को कोई राहत नहीं मिली है। आदेश स्पष्ट करता है कि प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक नियमानुसार विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने कार्यालयीन और विद्यालयीन कार्यों का संपादन करेंगे।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से 27 अप्रैल 2026 से लागू माना जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों को इस आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं।







