मध्य प्रदेशराज्य

कलेक्टर की संवेदनशील पहल: 5 दिन में दी अनुकंपा नियुक्ति , बेटी को भी रोजगार का मार्ग

दमोहlजिले के ग्राम पठारी निवासी स्वर्गीय सीताराम गौड़, प्राथमिक शिक्षक (हाई स्कूल रंजरा) का 22 नवंबर को हुए आकस्मिक निधन के बाद जिला प्रशासन ने उनके परिवार को त्वरित सहायता प्रदान करते हुए संवेदनशील पहल की है। स्व. गौड़ एसआईआर और बीएलओ का दायित्व भी निभा रहे थे। उनके परिवार में तीन बेटियाँ और एक बेटा है। दो बेटियाँ विवाहित हैं जबकि एक बेटी और पुत्र अविवाहित हैं।

परिवार की सहमति और इच्छा के अनुरूप उनके पुत्र अंकेश सींग पोरते को ‘भृत्य’ पद पर अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई। आज कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने स्वयं उन्हें नियुक्ति-पत्र सौंपा।

कलेक्टर कोचर ने बताया कि प्रशासन ने 30 नवंबर तक नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने का वादा किया था, लेकिन तय समय से पहले ही कार्यवाही पूरी करते हुए आदेश जारी कर दिए गए हैं। अब अंकेश को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बॉदकपुर में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने की अनुमति मिल गई है।

इसके साथ ही मृतक शिक्षक की अविवाहित बेटी को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न नियोक्ताओं से जोड़ा गया है। उसने रुचि व्यक्त की है और जल्द ही अंतिम निर्णय लेकर उसे उपयुक्त अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

कलेक्टर ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा और नायब तहसीलदार आशुतोष गुप्ता ने केवल 5 दिन में अनुकंपा नियुक्ति केस क्लियर कर प्रशासनिक दक्षता का परिचय दिया है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि 30 नवंबर तक मृतक शिक्षक से जुड़े सभी लंबित भुगतान परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।

यह त्वरित कार्यवाही न केवल प्रशासन की संवेदनशीलता दर्शाती है, बल्कि संकट की घड़ी में परिवार को राहत देने का एक सराहनीय प्रयास भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button