मध्य प्रदेशराज्य
कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार मां-बेटे की मौत :भागते समय दो और बाइक को टक्कर मारी, तीन घायल

मंडला l नेशनल हाईवे 30 पर सोमवार दोपहर करीब 3 बजे तेज रफ्तार कंटेनर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे की मौके पर मौत हो गई। कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान के अनुसार, हादसा जबलपुर रोड पर वेलवेदर स्कूल के सामने हुआ। रायपुर की तरफ से आ रहे कंटेनर ने पहले एक बाइक को टक्कर मार दी।
इस टक्कर में चिरई डोंगरी निवासी बाइक सवार 43 वर्षीय महिला संगीता बर्मन और उसके 21 वर्षीय बेटे मोहित बर्मन की मौत हो गई। दोनों पोल्ट्री का कारोबार करते थे। टक्कर मारने के बाद जबलपुर की ओर भागने की कोशिश में कंटेनर ने दो और बाइक को टक्कर मार दी। इसमें मंडला जनपद के सब इंजीनियर डोंगरे और सागर निवासी गोपाल उइके और उनके परिजन घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से टिकरिया पुलिस ने कुम्हा के पास कंटेनर को रोक लिया और चालक को हिरासत में ले लिया। कंटेनर और चालक को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है। घायलों को इलाज के लिए तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। चालक से पूछताछ कर रही है।







