ओला उबर रैपिडो की मनमानी पर रोक लगाने की मांग समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो टैक्सी-ऑटो की अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
Demand to curb the arbitrary practices of Ola, Uber, and Rapido Warning of an indefinite taxi and auto-rickshaw strike if grievances are not resolved

ओला उबर रैपिडो की मनमानी पर रोक लगाने की मांग
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो टैक्सी-ऑटो की अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
भोपाल, यश भारत। भोपाल टैक्सी चालक संघ , भारतीय मजदूर संघ ने परिवहन मंत्री को ज्ञापन सौंपकर ओला उबर और रैपिडो जैसी एग्रीगेटर कंपनियों पर ड्राइवरों के शोषण का आरोप लगाते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। संघ का कहना है कि पेट्रोल डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों तथा महंगाई के बीच ड्राइवरों का जीवन यापन कठिन होता जा रहा है जबकि एग्रीगेटर कंपनियां पिछले कई वर्षों से किराए की दरों में लगातार कटौती कर रही हैं। संघ के कार्यवाहक अध्यक्ष श्रवण कुमार शर्मा और महामंत्री राजेश कुमार नागले ने ज्ञापन में कहा कि कंपनियां मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उपयोग कर राज्य सरकार द्वारा निर्धारित किराए से काफी कम दरों पर सेवाएं संचालित कर रही हैं। इससे टैक्सी चालकों की आय प्रभावित हो रही है और वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि कंपनियों की आपसी प्रतिस्पर्धा का खामियाजा ड्राइवरों को भुगतना पड़ रहा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि एग्रीगेटर कंपनियों को राज्य सरकार द्वारा तय किराए के अनुसार ही ड्राइवरों को भुगतान करने के निर्देश दिए जाएं तथा ड्राइवर विरोधी बताए गए , प्रावधानों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में भोपाल शहर की ऑटो और टैक्सी सेवाओं को अनिश्चितकालीन रूप से बंद किया जा सकता है जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी।







