एचपीवी टीकाकरण : इस जिले का प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन, मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

यशभारत डिंडौरी। महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए चलाए गए एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान में डिंडौरी जिले ने पूरे मध्य प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले की इस सफलता पर राजधानी भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में डिंडौरी को विशेष सम्मान से नवाजा गया।
भोपाल स्थित आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन अकादमी के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपमुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने डिंडौरी जिले की उपलब्धि की सराहना करते हुए सम्मान प्रदान किया।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में डिंडौरी के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज पाण्डेय, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. डोगरे तथा विकासखंड डिंडौरी की एएनएम सुश्री नीम कली ने मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री के हाथों राज्य स्तरीय सम्मान प्राप्त किया। इस उपलब्धि ने जिले को प्रदेश स्तर पर नई पहचान दिलाई है।
जिले की इस सफलता के पीछे कलेक्टर अंजू पवन भदोरिया के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग के समन्वित प्रयासों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए पात्र हितग्राहियों तक टीकाकरण की सुविधा पहुंचाई, जिसके परिणामस्वरूप डिंडौरी ने प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज किया।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एचपीवी टीकाकरण महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। डिंडौरी जिले की यह उपलब्धि अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। जिले को मिले इस सम्मान से स्वास्थ्य कर्मियों एवं प्रशासनिक अमले में उत्साह का माहौल है।







