एक्शन मोड में पुलिस : नियम तोड़ने वाले 4 डीजे वाहनों पर कार्रवाई, 4 हजार का वसूला जुर्माना

सिवनी यश भारत:-सिवनी जिला मुख्यालय में आयोजित उर्स कार्यक्रम के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोतवाली पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। रात विशेष जांच अभियान चलाकर पुलिस ने अनाधिकृत एवं निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहे 4 डीजे वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 4 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के मार्गदर्शन में उर्स मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोतवाली पुलिस लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान जांच के समय कुछ डीजे वाहन बिना आवश्यक अनुमति के तेज ध्वनि में संचालित होते पाए गए। साथ ही कई वाहनों में निर्धारित ध्वनि सीमा और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था।
कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 198 के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस द्वारा जिन डीजे वाहनों पर कार्रवाई की गई, उनमें वाहन क्रमांक एमपी 22 जी 2696, एमपी 22 जी 3407, एमपी 20 एचबी 3390 तथा एमपी 28 जी 1192 शामिल हैं। प्रत्येक वाहन पर 1000 रुपये के मान से कुल 4000 रुपये का समन शुल्क वसूल किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में डीजे संचालन के लिए प्रशासन से अनुमति लेना अनिवार्य है। साथ ही उच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना भी जरूरी है। नियमों का उल्लंघन करने पर भविष्य में और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उर्स के दौरान शहर में भारी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग, वाहन जांच और निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों एवं आयोजन समितियों से अपील की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करें।







