आज से अमूल और मदर डेयरी का दूध ₹2 महंगा, आम उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ
Amul and Mother Dairy milk to become costlier by ₹2 from today, burden on common consumers to increase

आज से अमूल और मदर डेयरी का दूध ₹2 महंगा, आम उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा बोझ
भोपाल, यश भारत। महंगाई के दौर में आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों अमूल और मदर डेयरी ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। दोनों कंपनियों के नए दाम आज से लागू हो गए हैं। बढ़ी हुई कीमतों के अनुसार अब उपभोक्ताओं को दूध के लिए ₹2 प्रति लीटर तक अधिक चुकाने होंगे। अमूल द्वारा कीमत बढ़ाने की घोषणा के करीब आधे घंटे बाद ही मदर डेयरी ने भी अपने दूध के दाम बढ़ा दिए। कंपनियों का कहना है कि पशु आहार पैकेजिंग सामग्री और ट्रांसपोर्टेशन की लागत लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते कीमतों में संशोधन करना आवश्यक हो गया था।
गुजरात को ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन जीसीएमएमएफ के अनुसार यह बढ़ोतरी करीब 2.5 से 3.5 प्रतिशत के बीच है। अमूल ने मई 2025 के बाद पहली बार दूध के दाम बढ़ाए हैं जबकि मदर डेयरी इससे पहले अप्रैल 2025 में कीमतों में इजाफा कर चुकी है। डेयरी कंपनियों का कहना है कि उत्पादन और संचालन लागत में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पशु चारे की महंगाई और ईंधन खर्च बढ़ने से डेयरी सेक्टर पर अतिरिक्त दबाव बना हुआ है। अमूल का सहकारी मॉडल देशभर के लाखों डेयरी किसानों को जोड़ता है। गांव स्तर की डेयरी समितियों से लेकर जिला यूनियन और राज्य फेडरेशन तक फैला यह नेटवर्क करीब 15 लाख लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है। यही मॉडल आज देश विदेश के बिजनेस स्कूलों में अध्ययन का विषय बना हुआ है।







