सिवनी यश भारत:-सिवनी जिले के बरघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेवनारा के समीप सभा मंच के पास रात्रि के समय एक सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति बरघाट तरफ से मोहगांव की ओर जा रहा था,जब वह जेवनारा ग्राम के सभा मंच के समीप पहुंचा तो बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल की पहचान अंशुल यादव उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है।
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बरघाट भिजवाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय आसपास कोई अन्य वाहन या राहगीर मौजूद नहीं था, अन्यथा दुर्घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर पहले भी फिसलन और तेज रफ्तार के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
बरघाट थाना प्रभारी मोहनीश बेस ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिसमें व्यक्ति घायल हुआ हैं। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन कारणों से हुई।
पुलिस द्वारा लगातार वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की जा रही है, इसके बावजूद कई लोग लापरवाही बरतते हैं, जिसके चलते इस प्रकार की दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि रात्रि के समय विशेष सतर्कता बरतें, हेलमेट का उपयोग करें और तेज गति से वाहन न चलाएं, ताकि सड़क हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
Back to top button