अंधेरे में डूबा नगर निगम कार्यालय : नेता प्रतिपक्ष ने जताया आक्रोश

सागर यश भारत (संभागीय ब्यूरो)/ एक ओर जहां हमारा पूरा देश आजादी की वर्षगांठ हर्षोल्लास के साथ मना रहा है और शासन द्वारा सरकारी इमारतों पर रंग बिरंगी रोशनी कर इस दिन को यादगार बनाने की कोशिश की जा रही है। वहीं दूसरी तरफ सागर के नगर निगम की नवनिर्मित इमारत स्वतंत्रता दिवस की शाम से शोक रूपी अंधेरे में डूबी रही।
स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर जहां पूरे मध्यप्रदेश की सरकारी इमारते रोशनी से जगमग हो रही हैं वही सागर नगर निगम की नयी इमारत जिसका कुछ समय पूर्व ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उद्घाटन किया था आज वह बिल्डिंग नगर निगम के जिम्मेदारो की लापरवाही के कारण स्वतंत्रता दिवस जैसे अति महत्वपूर्ण और संवेदनशील राष्ट्रीय पर्व पर अंधेरे मे डूबी हुयी है।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह बब्बू यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि नगर निगम की इस घोर लापरवाही से आजादी की लड़ाई में जान गवाने वाले देश के वीर क्रांतिकारीयों तथा कांग्रेस पार्टी के प्रति उनकी घोर नफरत उजागर होती है।
पार्षद शिव शंकर गुड्डू यादव ने नगर निगम प्रशासन की इस घोर लापरवाही पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि ब्रिटिश हुकूमत की सर-परस्त नगर निगम महापौर, आयुक्त और यहां के प्रशासन को देश की आजादी रास नहीं आ रही है जिसके चलते नगर निगम जैसा महत्वपूर्ण दफ्तर आजादी के दिन भी अंधेरे में डूबा हुआ है। उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रशासन से इस गंभीर लापरवाही के जिम्मेदार लोगों को राष्ट्रद्रोह कानून के अंतर्गत दंडित करने की मांग की है।






