शहर की बेटी महिमा को प्रधानमंत्री ने स्वर्ण पदक से किया अलंकृत, राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी, गुजरात से मेरिट में आकर सायबर सिक्योरिटी व फोरेंसिंक कोर्स किया पूरा

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में न्यू शोभापुर कोलोनी निवासी महिमा सिंह ठाकुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वर्ण पदक से अलंकृत किया है। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी, गुजरात से सायबर सिक्योरिटी व फोरेंसिंक कोर्स किया पूरा किया है। राष्ट्रीय महत्व के इस विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह पिछले दिनों गांधीनगर, गुजरात में आयोजित हुआ। इस दौरान महिमा को पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स में प्रथम स्थान अर्जित करने की प्रशस्ति में सर्टिफिकेट आफ मेरिट व गोल्ड मेडल प्रदान किया गया।
जबलपुर निवासी स्व. मुकेश सिंह ठाकुर व शैल सिंह ठाकुर की पुत्री महिमा ने बताया कि वे देश की रक्षा के क्षेत्र में योगदान देने के लिए संकल्पित हैं। उनकी बहन स्तुति सिंह ठाकुर व विधि सिंह ठाकुर ने उनका हौसला बढ़ाया। लिहाजा, सायबर सिक्योरिटी व फोरेंसिंक कोर्स करने राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी, गांधीनगर, गुजरात में दाखिला लिया।
सायबर क्राइम आज की बड़ी समस्या :
महिमा ने बताया कि उसके पिता, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, वे अपना सपना सौंप गए थे, जिसे पूरा करने दिन-रात कठोर परिश्रम किया। पिता राष्ट्रभक्त नागरिक थे, जो चाहते थे कि उनकी बेटियां देश की सुरक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से सेवा प्रदान करें। वर्तमान में सायबर क्राइम एक बड़ी समस्या बन गया है। देश की सीमाओं की सुरक्षा हो या देश के नागरिकों की सुरक्षा, दोनों ही मोर्चों पर सायबर सिक्योरिटी विषय कारगर साबित होता है। इसी तरह फोरेंसिंग कोर्स अपराध अनुसंधान की दिशा में मील का पत्थर बनकर सहायता करता है। इसीलिए इस कोर्स को चुना। मूल पाठ्यक्रम की पुस्तकों के साथ-साथ संदर्भ सामग्री का निरंतर पठन करके विषय पर पकड़ मजबूत बनाई। यही वजह है कि सैकड़ों छात्रों के बीच प्रथम स्थान हासिल करने में सफलता मिली। इस सफलता के साथ ही अब राष्ट्रीय महत्व के सेवा-क्षेत्र में करियर बनाने की दिशा में नए सिरे से मेहनत शुरू कर दी है।