मवेशी चराने गए ग्रामीण पर बाघ ने किया हमला, बांधवगढ़ से सटी मचमचा बीट में घटना के बाद दहशत, हालत नाजुक, जिला चिकित्सालय में चल रहा उपचार

कटनी, यशभारत। बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान की सीमा से लगे बरही वन परिक्षेत्र के मचमचा बीट में शनिवार दोपहर बाघ के हमले से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। मवेशी चराने गए 50 वर्षीय कोमल सिंह पर झाडिय़ों में घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने और लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंचने के बाद बाघ घायल ग्रामीण को छोडक़र जंगल की ओर भाग गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मचमचा गांव निवासी कोमल सिंह पिता रामकृपाल सिंह शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे रोजाना की तरह मवेशियों को लेकर मचमचा बीट के पास गए थे। इसी दौरान झाडिय़ों से अचानक निकले बाघ ने उन पर हमला कर दिया। हमले में कोमल सिंह के गले और पीठ पर गंभीर चोटें आई तथा काफी रक्तस्राव हुआ। ग्रामीणों ने शोर मचाकर बाघ को भगाया। हमले के दौरान कोमल सिंह की चीख पुकार सुनकर आसपास मौजूद चरवाहे और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठी डंडे लेकर एकजुट होकर शोर मचाया और बाघ को भगाने का प्रयास किया। भारी शोर शराबे के बाद बाघ घायल ग्रामीण को छोडक़र जंगल की ओर चला गया।
प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रिफर
घटना की सूचना मिलने पर बरही वन विभाग की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने घायल ग्रामीण को उपचार के लिए बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने के कारण उन्हें कटनी जिला अस्पताल रिफर कर दिया।
वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, सतर्क रहने की हिदायत
घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से संवेदनशील एवं जंगल से लगे क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। विभाग ने पीड़ित परिवार को तात्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराए जाने की जानकारी भी दी है। बरही वन परिक्षेत्र के रेंजर धनपत सिंह ने बताया कि मचमचा बीट बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान से सटी होने के कारण क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। घटना के बाद वनकर्मियों की गश्त बढ़ाई गई है। ग्रामीणों से सुरक्षा को प्राथमिकता देने और मवेशी चराने के लिए जंगल के भीतर अथवा संवेदनशील क्षेत्रों में नहीं जाने की अपील की गई है।







