मध्यप्रदेश:देश के पूर्व CJI आरसी लाहोटी का निधन, 82 साल की उम्र में नोएडा के अस्पताल में ली आखिरी सांस; गुना के रहने वाले थे

देश के पूर्व CJI रमेश चंद्र लाहोटी का बुधवार को निधन हो गया। मूल रूप से मध्यप्रदेश के गुना के रहने वाले जस्टिस आरसी लाहोटी ने नोएडा के अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे 82 वर्ष के थे। रिटायरमेंट के बाद से ही वह नोएडा में रह रहे थे। 4-5 दिन पहले तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गुना में वकालत के रूप में की थी। इसके बाद हाई कोर्ट में प्रैक्टिस शुरू कर दी थी। उन्हें 3 मई 1988 को मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। 4 अगस्त 1989 को स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। उन्हें 7 फरवरी 1994 को दिल्ली हाईकोर्ट में स्थानांतरित कर दिया गया। दिसंबर 1998 में सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया। 1 जून 2004 को उन्हें भारत का मुख्य न्यायाधीश (CJI) नियुक्त किया गया। वे 31 अक्टूबर 2005 तक इस पद पर रहे।