देश

भाजपा अब प्रभारियों के डायरेक्शन में लड़ेगी चुनाव, भोपाल में हुई खास बैठक, बूथ पर फोकस रखने और सभी को साथ लेकर चलने की हिदायत

कटनी, यशभारत। जिला प्रभारियों की नियुक्ति के बाद भाजपा अब इन्हें पावरफुल बनाने पर विचार कर रही है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा मुख्यालय में आयोजित संभाग और जिला प्रभारियों की बड़ी बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संभाग व जिला प्रभारियों को उनके अधिकार और कामकाज समझाए। उन्हें यह भी दिलासा दी कि जिला प्रभारी बनने के बाद भी उनके लिए बड़ी जवाबदारी मिलने की संभावना रहेगी। आगामी चुनाव भी प्रभारियों की देखरेख में लड़े जाएंगे। कटनी में सुजीत जैन को जिला प्रभारी बनाया गया है। इसके पहले संजय साहू लंबे समय तक संगठन का काम देख रहे थे। सुजीत जैन संभवतः एक दो दिन में कटनी पहुंचकर बैठक ले सकते हैं। जिला भाजपा द्वारा उनकी नियुक्ति के बाद उनका स्वागत भी किया जाएगा।
सूत्र बताते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल व जामवाल ने साफ कहा है कि संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने में संभाग व जिला प्रभारियों की भूमिका अहम है और आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण होगी। जिला प्रभारी जिलों में साप्ताहिक प्रवास व रात्रि विश्राम कर संगठन विस्तार में अपनी भूमिका का निर्वहन करें। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री जामवाल ने सभी प्रभारियों से कहा कि वे कोर ग्रुप जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समाज के प्रबुद्धजनों से नियमित संवाद पर फोकस रखें। उन्होंने कहा, बूथ जीता तो चुनाव जीता… मेरा बूथ सबसे मजबूत… यह केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की कार्यनीति है। इस अवसर पर पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर 11 सितंबर को प्रदेश में आयोजित कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ आजीवन सहयोग निधि पर भी चर्चा की गई।

जिला प्रभारी की अहम भूमिका

वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि आने वाला समय संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें जिला प्रभारी की भूमिका अत्यधिक अहम होगी। चुनावों के समय संगठन का पूरा फोकस जिले और विधानसभा क्षेत्र पर होता है, इसलिए हर जिम्मेदारी समान रूप से महत्वपूर्ण है। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार के कार्यों से विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। जिला प्रभारी को नियमित संवाद बनाए रखना है।

बेहतर तालमेल के साथ संगठन चलाया साहू ने

कटनी में संजय साहू लंबे समय तक संगठन के प्रभारी रहे। उनके कार्यकाल में दो जिलाध्यक्षों का साथ भी रहा। उन्होंने सभी को साथ लेकर समन्वय बनाते हुए अपनी भूमिका का निर्वाह किया। लो प्रोफाइल रहकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करने की उनकी शैली की सभी सराहना करते हैं। विवादित विषयों को भी उन्होंने अपनी सूझबूझ से आसान बनाया और नेताओं के सम्मान का भी ध्यान रखा।

समन्वय और संगठन विस्तार पर देंगे ध्यान : सुजीत जैन

कटनी भाजपा संगठन प्रभारी सुजीत जैन ने यशभारत से बातचीत में कहा कि समन्वय बनाकर संगठन के विस्तार की योजना पर उनका खास ध्यान होगा। पार्टी को सभी वर्गों तक ले जाना है। योग्य और अनुभवी कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा संगठन के कार्य में लगाना है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वे जिलाध्यक्ष के साथ चर्चा कर कटनी आगमन का कार्यक्रम तय करेंगे और कटनी में नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करेंगे।Screenshot 20260212 143731 Drive2

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button