मंडला lपुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बम्हनी पुलिस और अंजनिया चौकी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गांजा तस्करी की एक संगठित सप्लाई चेन को तोड़ते हुए सप्लायर, खरीददार और परिवहन में शामिल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
20 लाख का गांजा बरामद
कार्यवाही की शुरुआत 25 जनवरी 2026 को हुई, जब पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर मटरू ढाबा के पास एक ट्रक से 40 किलो 38 ग्राम अवैध गांजा जप्त किया। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में ट्रक चालक राजेन्द्र के विरुद्ध एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।
ओडिशा से राजस्थान तक दबिश
आरोपी चालक से पूछताछ के बाद पुलिस की विशेष टीमों ने राजस्थान के बारा, झालावाड़ और कोटा में छापेमारी कर ट्रक कंडक्टर और खरीददारों सहित 4 लोगों को हिरासत में लिया। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस की टीम ओडिशा के बरगढ़ पहुँची, जहाँ से मुख्य गांजा सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। यह सप्लायर पूर्व में भी तस्करी के कई मामलों में शामिल रहा है।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में आरोपियों से सघन पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के जरिए क्षेत्र में सक्रिय गांजा सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुँचा जा सकेगा।
Back to top button