जबलपुरमध्य प्रदेश

पनागर हत्याकांड : भाई ने पुलिस को बताए हमलावरों के नाम , सीसीटीव्ही में कैद हुए आरोपी

रंजिशन चाकुओं से गोदकर की गई थी हत्या

जबलपुर, यशभारत। पनागर मुख्य बाजार स्थित छोटे हनुमान मंदिर के पास शुक्रवार की देर रात चार बदमाशों ने बाइक सवार युवक की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी। चारों हमलावर मेन मार्केट में लगे अनेक सीसीटीव्ही कैमरों में कैद हो गए। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को दबोचा है, जिनसे पूछताछ जारी है। वहीं, मृतक के भाई ने आरोपियों के नामों का खुलासा किया है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच करने में जुटी है।

पनागर टीआई आरके सोनी के मुताबिक विनोबा भावे वार्ड निवासी संदीप पटेल (36) प्राइवेट जॉब करता है। शुक्रवार रात वह दोस्तों मोहित रजक व अंकित पटेल के साथ बाइक से निकला था। रात में तीनों अभिमन्यु चौक में रहने वाले आकाश प्रजापति के घर पहुंचे। इसके बाद रात 11 बजे वे घर के लिए निकल रहे थे। अभिमन्यु चौक पर पहले से चारों आरोपी मौजूद थे। चारों ने संदीप को रोका और उस पर चाकू व रॉड से दनादन वार करने लगे।

दोनों दोस्त छोड़कर भागे

हमलावरों से घिरा संदीप पटेल मदद के लिए चीखता रहा, लेकिन उसके दोनों दोस्त मोहित व अंकित भाग निकले। आरोपियों ने संदीप के पेट, सीने में चाकू से कई वार किए। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। दोस्तों से सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग चुके थे। संदीप वहां बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे लेकर मेट्रो अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

 पुलिस को बताए नाम

मृतक संदीप के भाई विनोद ने बताया कि भाई रानीताल स्थित एक प्राइवेट बैंक में काम करते थे। उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। चारों हमलावर नीरज पटैल, सुरेन्द्र ठाकुर, रितिक पटैल और एक अन्य उसके साथी ने उसके भाई के ऊपर पहले डंडों से वार किया और बाद में किनारे ले जाकर, चाकु से गोद कर मौत के घाट उतार दिया। वहीं, पुलिस संदिग्धों से सख्त पूछताछ कर रही है।

हर एंगल से जांच जारी
पनागर थाना प्रभारी आरके सोनी ने बताया कि मृतक करीब चार साल पहले बदमाश था। लेकिन वर्तमान में वह बैंक कर्मचारी था और बदमाशी छोड़ चुका था। चारों हमलावरों ने किसी पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या की है। मामले की पड़ताल जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button