टेंट खोलते समय ऊंचाई से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत

टेंट खोलते समय ऊंचाई से गिरा युवक, इलाज के दौरान मौत
भोपाल, यशभारत। राजधानी के रातीबड़ थाना इलाके में एक आयोजन के बाद टेंट निकालते समय ऊंचाई से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
रातीबड़ थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मुगलिया छाप में एक सामाजिक आयोजन संपन्न हुआ था। आयोजन खत्म होने के बाद 55 वर्षीय खुशीलाल टेंट खोलने का काम कर रहे थे। टेंट निकालने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे काफी ऊंचाई से सीधे नीचे गिर गए।
ऊंचाई से गिरने के कारण खुशीलाल को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों ने उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बीती रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल की सूचना पर पहुंची रातीबड़ पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर लिया गया है और हादसे के असल कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।






