भोपालमध्य प्रदेश

कोलार में नशे के ओवरडोज से युवक की मौत

कोलार में नशे के ओवरडोज से युवक की मौत

भोपाल, यशभारत। राजधानी के कोलार इलाके में इंजेक्शन के जरिए नशा करने वाले एक युवक की ओवरडोज के कारण दर्दनाक मौत हो गई। युवक नशा करने के बाद घर के पास स्थित एक मैदान में सो गया था, जिसके बाद वह सुबह दोबारा नहीं उठा। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान ओम नगर निवासी अक्षय काकोड़िया के रूप में हुई है, जो एक गैस सिलेंडर एजेंसी में काम करता था।

जेल से छूटने के बाद शुरू किया दवा का दुरुपयोग
पुलिस और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, अक्षय के खिलाफ पूर्व में हत्या के प्रयास सहित मारपीट के तीन आपराधिक मामले दर्ज थे। हाल ही में वह जेल से बाहर आया था। जेल में रहने के दौरान उसकी नशा मुक्ति के लिए ओपिओइड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी (OST) शुरू की गई थी। जेल से बाहर आने के बाद उसने इस थेरेपी के तहत मिलने वाली दवाओं का दुरुपयोग करना शुरू कर दिया। मृतक के भाई दीपक ने बताया कि अक्षय ओएसटी की गोली में एविल (Avil) की गोली मिलाकर एक घोल तैयार करता था और उसे सिरिंज के माध्यम से सीधे नसों में इंजेक्ट करता था।

डॉक्टर की चेतावनी को किया नजरअंदाज
परिजनों के मुताबिक, इलाज के दौरान एक महिला डॉक्टर ने परिवार को पहले ही आगाह किया था कि ओएसटी दवा का अधिक मात्रा में सेवन या गलत तरीके से इस्तेमाल दिल संबंधी गंभीर और जानलेवा समस्याएं पैदा कर सकता है। इसके बावजूद अक्षय ने इसे नशे के रूप में लेना बंद नहीं किया। रविवार रात भी उसने इसी घातक मिश्रण का इंजेक्शन लिया था, जिसके बाद उसकी जान चली गई। घटना स्थल से पुलिस को सिरिंज और एविल गोलियों का पत्ता मिला है।

कोलार थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर मर्ग कायम कर लिया गया है। सोमवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button