
सागर, यश भारत। मकरोनिया थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर पैराडाइज होटल के सामने दिनदहाड़े एक युवक की लोहे के पाइप से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात इतनी बेरहमी से की गई कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी महज 16 सेकंड के भीतर युवक के सिर पर 14 वार करता दिखाई दे रहा है। युवक जमीन पर गिरने के बाद भी आरोपी ने हमला नहीं रोका। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह लगातार वार करता रहा। मृतक की पहचान मानस नगर निवासी अंकित पटेल (28), पिता रामलाल पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब एक बजे पैराडाइज होटल के सामने अंकित का दो युवकों से विवाद हुआ था। इसी दौरान एक युवक ने लोहे का पाइप निकालकर अंकित पर हमला कर दिया।
लोग रोकते रहे, आरोपी करता रहा हमला
हमले के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अंकित के सिर पर लगातार पाइप से वार करता नजर आ रहा है। इसी दौरान एक अन्य युवक ने आरोपी को पकड़कर अंकित से अलग किया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।गंभीर रूप से घायल अंकित को पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। हत्या के पीछे विवाद की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।







