रानीताल क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, देशी पिस्टल और कारतूस जब्त
हथियार की खरीद और स्रोत के संबंध में पूछताछ ज़ारी

जबलपुर। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लार्डगंज थाना पुलिस ने एक आरोपी को देशी पिस्टल और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में की गई।
थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य ने बताया कि 15 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि रानीताल श्मशान घाट के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम उर्फ शुभम नामदेव (34) निवासी यादव कॉलोनी, कार्तिक होटल के पास बताया। तलाशी के दौरान उसकी जींस की जेब से एक देशी पिस्टल बरामद हुई, जिसकी मैगजीन में एक कारतूस लोड था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी से हथियार की खरीद और स्रोत के संबंध में पूछताछ की जा रही है।







