आरडीयू में नर्सिंग-पैरामेडिकल पढ़ाई का रास्ता साफ, 6 करोड़ से बनेगा नया भवन
भवन के अभाव में अटका था प्रोजेक्ट

जबलपुर, यशभारत। जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (आरडीयू) में नर्सिंग और पैरामेडिकल कोर्स शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए आवश्यक भवन निर्माण को मंजूरी दे दी है। अब करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला आधुनिक भवन तैयार किया जाएगा।
भवन निर्माण को मिली हरी झंडी
हाल ही में आयोजित बजट बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन ने नर्सिंग और पैरामेडिकल संस्थान के लिए प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। लंबे समय से इन कोर्सेस के लिए भवन की कमी सबसे बड़ी बाधा बनी हुई थी, जिसे अब दूर करने की दिशा में पहल शुरू हो गई है।
भवन के अभाव में अटका था प्रोजेक्ट
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, पिछले सत्र में नर्सिंग कोर्स शुरू करने की पूरी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन नर्सिंग काउंसिल के निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक भवन न होने के कारण अनुमति नहीं मिल सकी। काउंसिल ने स्पष्ट कर दिया था कि बिना मानक इन्फ्रास्ट्रक्कर के कोर्स संचालित नहीं किए जा सकते। नया भवन बनने के बाद विश्वविद्यालय में ही नर्सिंग और पैरामेडिकल कोर्स की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे स्थानीय छात्रों को बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलेंगे। साथ ही, इन कोर्सेस के शुरू होने से विश्वविद्यालय की पहचान और आकर्षण भी बढ़ेगा।
मापदंड पूरे होने पर किया जाएगा आवेदन- इस संबंध में प्रभारी रजिस्ट्रार डॉ. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि कोर्स संचालन के लिए सभी आवश्यक मापदंड पूरे किए जाएंगे। भवन निर्माण के बाद ही काउंसिल से अनुमति के लिए आवेदन किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसके लिए बजट में 6 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा है।







