यशभारत ब्रेकिंग : अधारताल पचमठा मंदिर में बेखौफ चोरों का धावा, दानपेटी तोड़ी, हजारों रुपए पार, देखी वीडियो ……
सीसीटीवी कैमरे भी तोड़े, श्रद्धालुओं में आक्रोश

जबलपुर,यशभारत। अधारताल थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लक्ष्मी नारायण मंदिर, जिसे पचमठा मंदिर के नाम से भी जाना जाता है, में देर रात अज्ञात चोरों की कारतूस से श्रद्धालुओं की आंखों में आंसू आ गए। चोरों ने मंदिर के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और बेखौफ होकर दानपेटी तोड़कर उसमें रखी हजारों रुपए की राशि पार कर दी। इसके अलावा मंदिर में रखी अलमारी को भी तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी कर लिया गया। इससे श्रद्धालुओं में गहरा आक्रोश और धार्मिक भावनाएं आहत होने की स्थिति निर्मित हो गई। चोरी करने के बाद आरोपियों ने मंदिर परिसर में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया, ताकि उनकी करतूत कैमरों में कैद न हो सके।
सुबह पूजा करने पहुंचे तो सामने आया मामला
सुबह जब मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों ने मंदिर के पिछले हिस्से का दरवाजा टूटा देखा तो उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखने पर दानपेटी टूटी मिली और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। मंदिर में चोरी होने की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर लोगों में काफी आक्रोश देखा गया।
सीसीटीवी में कैद हुई चोरों की करतूत
सूचना मिलते ही अधारताल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला कायम कर जांच शुरू कर दी है। मंदिर परिसर में लगे कुछ सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। घटना के बाद पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों का सुराग मिलने की संभावना है। इधर, श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मंदिर में हुई चोरी की घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।






