यश भारत ब्रेकिंग : बड़ा फुहारा क्षेत्र के मछरहाई में निर्माणाधीन मकान गिरा, बाल-बाल बचे मजदूर
बड़ा हादसा टला

जबलपुर, यश भारत। मुख्य व्यापारिक क्षेत्र बड़ा फुहारा के मछरहाई में एक निर्माणाधीन मकान बुधवार की सुबह अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया। जानकारी के मुताबिक, पुरानी बिल्डिंग में रिनोवेशन का काम चल रहा था और उसे बिना गिराए ही मजबूत करने के लिए जुगाड़ के सहारे नया निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान यह घटना घटित हो गई। गनीमत यह रही कि बिल्डिंग गिरने से पहले ही उसमें काम कर रहे मजदूर समय रहते बाहर आ गए, जिसके चलते एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि उक्त इमारत काफी पुरानी थी और इसमें जुगाड़ से रिनोवेशन का काम किया जा रहा था, जिसमें जगह-जगह लोहे के गार्डर और प्लास्टर लगाकर बिल्डिंग को नया स्वरूप देने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बिल्डिंग गिरने से चंद पल पहले ही 8 से 10 मजदूर बिल्डिंग से बाहर आ गए थे, क्योंकि बिल्डिंग के गिरने की आशंका जताई जा रही थी। ऐसे में समय रहते मजदूर दौड़कर बाहर आ गए। यदि थोड़ी और देरी हो जाती तो बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता था।
बिल्डिंग गिरने के कारण सड़क पर चारों तरफ मलबा फैल गया है और मुख्य बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति निर्मित हो गई है। अभी कुछ दिन पहले ही बड़ा फुहारा क्षेत्र में एक पुरानी बिल्डिंग गिरी थी, जिसका मलबा कई दिनों तक साफ होता रहा। इसके बाद नगर निगम द्वारा जर्जर और पुरानी इमारतों पर कार्रवाई की बात कही गई थी, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर नगर निगम की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है।







