अवैध निर्माण के खिलाफ एकजुट हुए रहवासी भोपाल की कई कॉलोनियों ने मिलाया हाथ, सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका की तैयारी

अवैध निर्माण के खिलाफ एकजुट हुए रहवासी
भोपाल की कई कॉलोनियों ने मिलाया हाथ, सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका की तैयारी
भोपाल,यश भारत। राजधानी की आवासीय कॉलोनियों में हो रहे कथित अवैध व्यावसायिक निर्माण और अतिक्रमण के विरोध में रहवासियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। अरेरा कॉलोनी में आयोजित संयुक्त बैठक में गौतम नगर रचना नगर शाहपुरा त्रिलंगा गुलमोहर सहित शहर की कई आवासीय कॉलोनियों के प्रतिनिधियों ने अभियान को समर्थन देने का निर्णय लिया। बैठक में आंदोलन को शहरव्यापी बनाने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सिटीजन वॉक निकालने और सैकड़ों नागरिकों को इससे जोड़ने की रणनीति बनाई गई। बैठक में रहवासी संगठनों ने आरोप लगाया कि भोपाल नगर निगम की उदासीनता के कारण आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां और अवैध निर्माण लगातार बढ़ रहे हैं। उनका कहना था कि शिकायतों और न्यायालय के निर्देशों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से नियमों का उल्लंघन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। याचिकाकर्ता पूर्णेंदु शुक्ला ने कहा कि यदि न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सर्वोच्च न्यायालय में अवमानना याचिका दायर की जाएगी। शाहपुरा आवासीय संघ की अध्यक्ष शुभ्रा श्रीवास्तव और रचना नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष मयंक नागर ने भी न्यायालय के आदेशों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया। बैठक में यह भी चर्चा रही कि नगर निगम द्वारा जारी नोटिसों के बाद रहवासियों और व्यापारियों के बीच अलग अलग पक्ष सामने आए हैं। रहवासी संगठनों का दावा है कि उनका पक्ष न्यायालय के निर्देशों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप है। संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति या व्यापारी के खिलाफ नहीं बल्कि आवासीय कॉलोनियों के स्वरूप कानून के पालन और नागरिकों के सुरक्षित वातावरण की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जनजागरण अभियान और सिटीजन वॉक आयोजित किए जाएंगे।







