महिला की मिली लाश, हत्या का संदेह

जबलपुर यश भारत। घमापुर थाना अंतर्गत शीतला माई क्षेत्र में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय आरती चौधरी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही घमापुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को पति ने दी सूचना:
घमापुर थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने बताया कि शाम करीब 6:00 बजे सूचना मिली थी कि रमेश डेयरी के पीछे एक घर में महिला का शव पड़ा है। पुलिस जब मौके पर पहुँची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलवाकर अंदर देखने पर आरती मृत अवस्था में पाई गई। बताया जा रहा है कि महिला ने दूसरे घर में जाकर फांसी लगाई है। घटना की सूचना मृतका के पति ने ही पुलिस को दी थी, लेकिन वह इस समय गहरे सदमे में है और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है।
हत्या या आत्महत्या? जांच जारी:
पुलिस के अनुसार महिला के गले पर फंदे के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से इसकी पड़ताल कर रही है कि यह वाकई खुदकुशी है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम (PM) के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।







