कटंगी में आश्रम से भागी महिला रहस्यमय हालत में मिली
गोली लगी या चोट, जांच में जुटी पुलिस

जबलपुर यशभारत। जिले के कटंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पोड़ी ग्राम में बैतूल की एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिली जिसे उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटंगी में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला कुछ दिन पहले जबलपुर स्थित एक आश्रम से भागी थी। आज सुबह वह पैर में गंभीर चोटों के साथ सड़क किनारे मिली जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला को सिर और कंधे पर गहरी चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसे गोली लगी है या किसी धारदार वस्तु से चोट पहुंचाई गई है। फिलहाल महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है।पुलिस ने बताया कि घायल महिला बैतूल जिले की रहने वाली है और कुछ समय पहले जबलपुर के एक आश्रम में रह रही थी। वहां से वह अचानक लापता हो गई थी।फिलहाल पुलिस आश्रम संचालक, महिला के परिजनों और अस्पताल में भर्ती पीड़िता के बयान के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या महिला पर किसी ने जानलेवा हमला किया, या वह किसी अन्य कारण से घायल हुई? पुलिस इन सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच में जुटी हुई है। हालांकि एक वीडियो में महिला ने गोली लगने की बात कही है वहीं पुलिस के अनुसार महिला मानसिक रूप से विछिप्त है रात को महिला कहीं पर गिरने से चोटिल हुई है।







