सांडों की लड़ाई में महिला की मौत, नगर निगम की लापरवाही ने ली बेगुनाह की जान

सांडों की लड़ाई में महिला की मौत, नगर निगम की लापरवाही ने ली बेगुनाह की जान
भोपाल, यशभारत। राजधानी के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार कोहेफिजा क्षेत्र मंगलवार शाम मौत के अखाड़े में तब्दील हो गया। दो आवारा सांडों के बीच चल रही जंग ने एक राह चलती महिला की जान ले ली। इस घटना ने नगर निगम के आवारा पशु मुक्त शहर के दावों की पोल खोलकर रख दी है।
राहगीरों के बीच मची अफरा-तफरी
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, कोहेफिजा थाना इलाके में मंगलवार शाम दो भारी-भरकम सांडों के बीच हिंसक लड़ाई हो रही थी। राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहीं मेघा उर्फ किरण शर्मा को लड़ते हुए एक सांड ने जोरदार टक्कर मार दी। सांड के वार से महिला कई फीट दूर जाकर गिरीं, जिससे उनके सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में थमी सांसें
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। उपचार और डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद किरण शर्मा की जिंदगी नहीं बचाई जा सकी। बुधवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।







