मिडिल ईस्ट में फिर भड़की जंग: लेबनान पर हमले, हिजबुल्लाह प्रमुख के मारे जाने का दावा
हमलों में अब तक 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है

इजरायल। मध्य-पूर्व में तनाव कम होने के बजाय और बढ़ता नजर आ रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच 14 दिनों के सीजफायर के बावजूद इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर भीषण हमले तेज कर दिए हैं। इजरायल ने दावा किया है कि राजधानी बेरुत में किए गए एक टार्गेटेड हमले में हिजबुल्लाह के प्रमुख नईम कासिम को मार गिराया गया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इन हमलों में अब तक 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे क्षेत्र में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। इजरायल का कहना है कि यह कार्रवाई जारी रहेगी, क्योंकि सीजफायर केवल ईरान तक सीमित है, लेबनान या हिजबुल्लाह पर लागू नहीं होता।
कौन था नईम कासिम?
नईम कासिम हिजबुल्लाह का लंबे समय तक उप प्रमुख रहा और सितंबर 2024 में हसन नसरल्लाह की मौत के बाद संगठन का महासचिव बना था।
जन्म: फरवरी 1953, दक्षिणी लेबनान के कफर किला में
शिक्षा: लेबनानी विश्वविद्यालय से रसायन विज्ञान में मास्टर डिग्री
पेशा: राजनीति में आने से पहले केमिस्ट्री शिक्षक
पहचान: हिजबुल्लाह के प्रमुख वैचारिक नेताओं में शामिल
इस ताजा घटनाक्रम ने एक बार फिर मध्य-पूर्व में बड़े संघर्ष की आशंका को बढ़ा दिया है और वैश्विक स्तर पर चिंता गहरा दी है।







