भोपालमध्य प्रदेश

मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव के लिए मतदान शुरू – प्रदेशभर में 88 हजार अधिवक्ता करेंगे मतदान

मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद चुनाव के लिए मतदान शुरू – प्रदेशभर में 88 हजार अधिवक्ता करेंगे मतदान

भोपाल, यश भारत । मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के निर्वाचन के लिए मंगलवार को प्रदेशभर में मतदान शुरू हो गया। राजधानी भोपाल में जिला न्यायालय परिसर में सुबह 10 बजे से मतदान प्रारंभ हुआ, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस चुनाव में प्रदेश से कुल 122 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि भोपाल से 20 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। निर्वाचन के माध्यम से परिषद के लिए 18 पुरुष और 7 महिला सदस्यों का चयन किया जाएगा।

88 हजार अधिवक्ता करेंगे मतदान
प्रदेशभर में लगभग 88 हजार अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। अलग-अलग जिलों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर सुबह से ही अधिवक्ताओं की आवाजाही शुरू हो गई है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हो रहा चुनाव
मुख्य मतदान अधिकारी मनोहर लाल पाटीदार ने बताया कि यह चुनाव सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के आदेशों के अनुपालन में कराया जा रहा है। चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए हाई पावर कमेटी का भी गठन किया गया है।

भोपाल के प्रमुख प्रत्याशी चर्चा में
भोपाल से निर्वतमान को-चेयरमैन विजय चौधरी, पूर्व को-चेयरमैन मो. महबूब अंसारी, राजेश व्यास, पीसी कोठारी और चन्द्रकुमार वलेजा सहित कई प्रत्याशी चर्चा में हैं।

पहचान पत्र अनिवार्य
मतदान के लिए अधिवक्ताओं को राज्य अधिवक्ता परिषद या जिला बार संघ द्वारा जारी पहचान पत्र लाना अनिवार्य किया गया है। बिना पहचान पत्र के मतदान की अनुमति नहीं दी जाएगी।

न्यायालयों में अवकाश घोषित
मतदान को देखते हुए प्रदेश के सभी न्यायालयों में अवकाश घोषित किया गया है। न्यायाधीश और न्यायिक कर्मचारी भी मतदान प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं। अपर जिला न्यायाधीश मनोहर लाल पाटीदार को मतदान अधिकारी बनाया गया है, जिनके निर्देशन में पूरी मतदान प्रक्रिया का संचालन किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button