विश्व रक्तदाता दिवस पर बीएमएचआरसी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित

विश्व रक्तदाता दिवस पर बीएमएचआरसी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित
35 यूनिट रक्त संग्रहित, अधिकारियों कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
भोपाल, यश भारत। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आईसीएमआर भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र बीएमएचआरसी के रक्ताधान चिकित्सा विभाग द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बीएमएचआरसी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ महावीर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सक डॉ. विकास सिंह बागरी के सहयोग से विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। रक्तदान शिविर के दौरान कुल 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम है। यह जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और समाज में परोपकार की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने बताया कि रक्तदान से प्राप्त रक्त को विभिन्न रक्त अवयवों जैसे लाल रक्त कणिकाएं रेड ब्लड सेल्स प्लेटलेट्स और प्लाज्मा में पृथक किया जाता है। इन अवयवों का उपयोग मरीजों की आवश्यकता के अनुसार किया जाता है। इस प्रकार एक यूनिट रक्त कई मरीजों के उपचार में सहायक सिद्ध हो सकता है।
विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में आज 14 जून को भोपाल स्थित एनराइज़ सयाजी होटल में भी स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। बीएमएचआरसी ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर रक्तदान करने और जीवन बचाने के इस पुनीत कार्य में योगदान देने की अपील की है।







