रिटायर्ड जज की बहू की मौत पर हंगामा: मायके पक्ष ने पुलिस घेरी, पति पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप

रिटायर्ड जज की बहू की मौत पर हंगामा: मायके पक्ष ने पुलिस घेरी, पति पर हत्या और साक्ष्य मिटाने का आरोप
भोपाल,यशभारत। राजधानी के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को परिजनों ने महिला थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस रसूख के दबाव में काम कर रही है और मृतका के पति समर्थ सिंह को बचाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने पुलिस से पिछले 24 घंटे की कार्रवाई का हिसाब मांगते हुए जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
सिस्टम और पुलिस पर गंभीर आरोप
मृतका ट्विशा के परिजनों ने आरोप लगाया कि सरकारी सिस्टम उन्हें न्याय देने के बजाय सता रहा है। बुधवार रात जब वे न्याय की गुहार लेकर कटारा हिल्स थाने पहुंचे, तो पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया और उन्हें रात 12 बजे तक बाहर खड़ा रखा गया। परिजनों का दावा है कि थाने के भीतर उनके साथ बदसलूकी की गई। उनका कहना है कि आरोपी पक्ष ट्विशा की मौत के बाद अब उसे बदनाम करने में जुटा है और उसे ड्रग एडिक्ट बता रहा है।
बहन का दावा- सबूतों से की गई छेड़छाड़
ट्विशा की बहन प्रियंका ने मीडिया से बातचीत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मंगलवार रात जब समर्थ और उसकी मां ट्विशा को अस्पताल ले गए, तो वहां शव छोड़कर वे एक घंटे के लिए गायब हो गए थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने घर जाकर घटनास्थल से साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ की। परिजनों के अनुसार, ट्विशा के शरीर पर चोट के नीले निशान भी पाए गए हैं।
मेजर भाई ने सुनाई आपबीती
भारतीय सेना में मेजर, ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात को ही ट्विशा का फोन आया था। वह बहुत परेशान थी और उसने बताया था कि उसे पिछले 8 दिनों से छोटी-छोटी बातों पर नाकारा कहकर अपमानित किया जा रहा है। उसने नोएडा लौटने के लिए टिकट भी बुक करा लिया था, लेकिन घर जाने से पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई।
ससुराल पक्ष की दलील- डिप्रेशन में थी ट्विशा
दूसरी ओर, रिटायर्ड जज गिरीबाला सिंह ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि घटना वाली रात 9:30 बजे तक पूरा परिवार साथ बैठकर टीवी देख रहा था, जिसके सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा का मनोवैज्ञानिक उपचार चल रहा था और वह नशे की आदी थी। उनके अनुसार, ट्विशा ने छत पर जाकर एक्सरसाइज रबर के सहारे फांसी लगाई।
पुलिस की कार्रवाई
कटारा हिल्स थाना प्रभारी सुनील दुबे के मुताबिक, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी (हैंगिंग) आया है। मामला नवविवाहिता की मौत से जुड़ा होने के कारण जांच एसीपी को सौंप दी गई है। पुलिस ने परिजनों द्वारा बदसलूकी के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि थाने के सीसीटीवी कैमरों में पूरी सच्चाई कैद है। पुलिस फिलहाल विस्तृत रिपोर्ट और बयानों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।







