अनोखा विरोध: निगम अधिकारी को पहनाई ‘मक्कारी की माला’, अवैध कब्जे पर कार्रवाई न होने से लोग आक्रोशित

ग्वालियर, यशभारत। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में नगर निगम के अधिकारियों की कथित लापरवाही और निष्क्रियता के खिलाफ कैला देवी कॉलोनी के निवासियों ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। अवैध कब्जे पर कार्रवाई न होने से परेशान लोगों ने निगम के जोनल ऑफिसर (ZO) को ‘मक्कारी की माला’ पहना दी, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय, ZO ने शिकायत पत्र को फाड़कर डस्टबिन में फेंक दिया था।
पुलिसकर्मी पर सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप, रास्ता बंद
मामला ग्वालियर के गोले का मंदिर स्थित कैला देवी कॉलोनी का है, जहां एक आम रास्ते पर अवैध कब्जे को मुक्त कराने की मांग को लेकर विवाद गहराया है। कॉलोनी में रहने वाले लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में रहने वाले गोपाल शर्मा नामक एक पुलिसकर्मी ने अपनी पात्रता न होते हुए भी पुरानी पुलिस चौकी के क्वार्टर पर सालों से कब्जा कर रखा है। इतना ही नहीं, उन्होंने पास की शासकीय जमीन पर पत्थर डालकर अवैध कब्जा कर लिया है, जिसके चलते आम रास्ता पूरी तरह से बंद हो गया है।
इस कब्जे के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि कब्जा की गई जमीन पर कूड़ा-कचरा फेंका जा रहा है, जिससे गंदगी का अंबार लग गया है। इस गंदगी के कारण जहरीले सांपों और अन्य कीड़ों का खतरा बढ़ गया है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
शिकायत पत्र फाड़कर फेंकने का आरोप, फिर आश्वासन का खेल
कैला देवी कॉलोनी के निवासियों का कहना है कि इस अवैध कब्जे को लेकर वे बीती जनवरी से कई बार शिकायतें कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बीती 25 जुलाई को भी जब स्थानीय लोगों ने नगर निगम के जोनल ऑफिसर विपिन दुबे से इसकी शिकायत की, तो उन्होंने कथित तौर पर शिकायत पत्र को लेकर कचरे के डिब्बे में फाड़ कर फेंक दिया। शिकायतकर्ताओं ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में उनके विरोध का आधार बना।
ZO विपिन दुबे के इस व्यवहार के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों के बढ़ते विरोध को देखते हुए ZO विपिन दुबे ने मौके पर ही आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई कर दी जाएगी।
एक सप्ताह बाद भी कार्रवाई नहीं, ZO को पहनाई ‘मक्कारी की माला’
जब ZO के आश्वासन के एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद अवैध कब्जे पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो कैला देवी कॉलोनी के आक्रोशित क्षेत्रवासी बुधवार को जोनल ऑफिसर को सबक सिखाने उनके कार्यालय पहुंच गए। वहां उन्होंने ZO विपिन दुबे को ‘मक्कारी की माला’ पहनाकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान ZO और प्रदर्शनकारी लोगों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन और हंगामे के बाद, क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 10 के जोनल ऑफिसर विपिन दुबे ने 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने का नया आश्वासन दिया। इसके बाद, क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी कार्रवाई नहीं होती है, तो जितने सप्ताह कार्रवाई में देरी होगी, उतनी ही संख्या में ZO को ‘मक्कारी की माला’ भी बढ़ाई जाती रहेगी।
ZO का दावा: नोटिस जारी, शुक्रवार को होगी कार्रवाई
इस पूरे मामले पर जोनल ऑफिसर विपिन दुबे का कहना है कि शिकायत के आधार पर कब्जा करने वाले अनावेदक (गोपाल शर्मा) को 48 घंटे का नोटिस दिया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग से भी कार्रवाई के लिए पुलिस बल की मांग की गई है। ZO दुबे के अनुसार, क्षेत्रवासियों के शिकायती आवेदन पर वरिष्ठ अधिकारियों के भी निर्देश प्राप्त हुए हैं, जिसके तहत शुक्रवार को निगम के अधिकारियों के साथ टीम मौके पर पहुंचेगी और अवैध कब्जे को मुक्त कराया जाएगा।







