रांझी में बिना अनुमति बना बहुमंजिला भवन — रहवासी क्षेत्र में चल रहा व्यावसायिक उपयोग, निगम से कार्रवाई की मांग; भवन स्वामी बोले — आरोप बेबुनियाद, हम जांच को तैयार

जबलपुर। रांझी क्षेत्र के चंद्रशेखर वार्ड स्थित जबलपुर विकास प्राधिकरण की योजना क्रमांक 26 में अवैध निर्माण का मामला जनसुनवाई में उठा है। शिकायतकर्ता लीलाधर बेन ने नगर निगम आयुक्त को लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि भवन स्वामी अनिल राय एवं उनके पिता स्व. लालचंद्र राय द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति और भवन निर्माण अनुज्ञा के बहुमंजिला भवन का निर्माण कर लिया गया है।
शिकायत के अनुसार, यह क्षेत्र रहवासी घोषित है, बावजूद इसके आरोपियों ने मुख्य मार्ग पर दुकानों का निर्माण कर उन्हें किरायेदारी पर दे रखा है। बताया गया है कि इन दुकानों से प्रतिमाह किराया वसूला जा रहा है और यहाँ व्यावसायिक गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं, जबकि क्षेत्र व्यावसायिक प्रयोजन के लिए स्वीकृत नहीं है।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि उक्त भवन को हाल ही में बहुमंजिला इमारत में परिवर्तित किया गया है, जिसकी कोई अनुमति नगर पालिक निगम जबलपुर से प्राप्त नहीं की गई। इस निर्माण से क्षेत्र के अन्य निवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
हालाँकि, इस पूरे मामले में भवन स्वामी अनिल राय ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि “आरोप बेबुनियाद हैं। हम किसी भी प्रकार की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं।”







