वीआईटी यूनिवर्सिटी में टाइफाइड का कहर: 28 छात्र हुए संक्रमित, प्रथम वर्ष की परीक्षाएं स्थगित

वीआईटी यूनिवर्सिटी में टाइफाइड का कहर: 28 छात्र हुए संक्रमित, प्रथम वर्ष की परीक्षाएं स्थगित
भोपाल, यशभारत। सीहोर जिले के कोठरी स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी में टाइफाइड का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। बुधवार को संस्थान के 5 और छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 28 हो गई है। परिसर में फैल रही बीमारी और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रबंधन ने प्रथम वर्ष की परीक्षाओं को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है, ताकि छात्रों पर मानसिक और शारीरिक दबाव न बढ़े।
जानकारी के अनुसार, पिछले 11 दिनों में विश्वविद्यालय के करीब 270 छात्र बुखार की चपेट में आ चुके हैं। इन सभी का उपचार चिरायु मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में किया गया है। बुधवार को भी 20 नए छात्र बुखार की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे, जिन्हें प्राथमिक जांच और आवश्यक दवाएं देने के बाद वापस भेज दिया गया।
चिरायु मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. अजय गोयनका ने पुष्टि की है कि नए संक्रमित छात्रों का उपचार तय टाइफाइड प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।
दूसरी ओर, विश्वविद्यालय प्रबंधन ने बताया कि पिछले 10 दिनों में मौसमी बीमारियों के कारण 8 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था, जिन्हें अब पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है। प्रबंधन ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है, इसी कारण परीक्षाओं को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन अब परिसर में पेयजल और कैंटीन की स्वच्छता की गहन जांच करा रहा है।







