बरेला में दो ट्राले भिड़े, जबलपुर-मंडला मार्ग पर लंबा जाम
एक ट्राले का चालक गंभीर रूप से घायल

जबलपुर, यशभारत। बरेला थाना क्षेत्र के शारदा मंदिर के पास शनिवार की सुबह दो तेज रफ्तार ट्राले आपस में भिड़ गए, जिससे जबलपुर-मंडला मार्ग पर घंटों लंबा जाम लग गया। जानकारी के अनुसार, एक ट्राले में लोहे की सरिया लोड थी, जबकि दूसरे ट्राले में भारी मशीनरी। दोनों ट्राले की टक्कर इतनी जोरदार थी कि भिड़ंत के बाद दोनों वाहन सड़क पर पलट गए और मार्ग पर रुकावट पैदा कर दी। इस कारण सुबह के समय मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और वाहनधारकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हादसे में एक ट्राले का चालक गंभीर रूप से घायल हुआ। पुलिस ने उसे तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहीं सड़क पर पड़े ट्राले और उनके लदे सामान को हटाने के लिए पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने मार्ग को साफ करने का कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बताया कि सुबह के समय सड़क पर वाहन कम थे, अन्यथा यह हादसा बड़ा जनहानि का कारण बन सकता था। पुलिस ने ट्राले चालकों से हादसे की पूरी जानकारी लेने के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरेला थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क हादसों को रोकने के लिए ट्रकों और भारी वाहनों की रफ्तार पर निगरानी बढ़ाई जा रही है और लोगों से भी अपील की जा रही है कि तेज गति से वाहन न चलाएँ।







