भोपालमध्य प्रदेश

शाहपुरा में वाहन चालकों से अवैध वसूली कर रहे दो फर्जी पुलिसकर्मी दबोचे, देखे वीडियो

शाहपुरा में वाहन चालकों से अवैध वसूली कर रहे दो फर्जी पुलिसकर्मी दबोचे, देखे वीडियो

नकली पिस्टल बरामद, लॉ के छात्र निकले दोनों आरोपी; हुलिया देखकर लोगों को हुआ शक, पब्लिक ने घेरा

भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहपुरा थाना क्षेत्र में वाहन चालकों को रोककर जबरन वसूली कर रहे दो फर्जी पुलिसकर्मियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपी एलएलबी के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से एक नकली पिस्टल भी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वे लोगों को डराने-धमकाने के लिए कर रहे थे।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात शाहपुरा क्षेत्र में चौराहे के पास दो संदिग्ध युवक पुलिसकर्मी बनकर आने-जाने वाले वाहन चालकों को रोक रहे थे। वे खुद को पुलिस अधिकारी बताकर चेकिंग के नाम पर चालकों से पैसों की अैध वसूली कर रहे थे। इसी दौरान कुछ वाहन चालकों को उनके पहनावे और बातचीत के तरीके पर शक हुआ।

पहचान पत्र मांगते ही खुली पोल
संदेह होने पर जब राहगीरों और वाहन चालकों ने उनसे उनका पुलिस पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो दोनों युवक हड़बड़ा गए और टालमटोल करने लगे। इससे लोगों का शक यकीन में बदल गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने दोनों को चारों तरफ से घेर लिया।

भागने की कोशिश की, पुलिस ने दबोचा
खुद को घिरता देख दोनों आरोपियों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जनता ने उन्हें रोके रखा। इसी बीच किसी ने स्थानीय शाहपुरा थाना पुलिस को सूचना दे दी। खबर मिलते ही गश्त कर रही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों फर्जी पुलिसकर्मियों को अपनी हिरासत में ले लिया।

नकली पिस्टल दिखाकर जमा रहे थे रौब
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ और तलाशी में आरोपियों के पास से एक नकली पिस्टल बरामद हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लॉ के स्टूडेंट हैं और कम समय में रोब जमाकर पैसे कमाने के चक्कर में इस तरह की वारदात को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ फर्जी पुलिस बनने, अवैध वसूली और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर रही है कि वे इससे पहले किन-किन इलाकों में इस तरह की वसूली कर चुके हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button